बलूचिस्तान में स्थानीय विद्रोही गुट के हमले में पाकिस्तान के 16 सैनिकों के मारे जाने की खबर है। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, घटना मंगलवार दोपहर की है। बलूचिस्तान फ्रीडम फाइटर्स ने पाकिस्तान आर्मी की एक पोस्ट और वहां खड़े दो ट्रकों को निशाना बनाया। विद्रोही सैनिकों के हथियार और गोला बारूद भी लूट ले गए। खास बात ये है कि पाकिस्तानी मीडिया और सेना दोनों ही इस मामले पर चुप हैं। सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह के दावे किए जा रहे हैं।
बलूचिस्तान के विद्रोही गुट पाकिस्तान से आजादी की मांग कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर यह दावा भी किया जा रहा है कि सेना ने घटना के बाद करीब 100 लोगों को अगवा किया।
सिंगसिला इलाके में थी आर्मी पोस्ट
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, बलूचिस्तान के डेरा बुगती जिले से कुछ दूर सिंगसिला क्षेत्र है। यहां पाकिस्तानी फौज की एक बड़ी पोस्ट थी। मंगलवार दोपहर रसद और हथियार लेकर फौज के दो ट्रक यहां पहुंचे। इसी दौरान बलूचिस्तान फ्रीडम फाइटर्स नामक विद्रोही गुट ने पोस्ट पर घात लगाकर हमला किया। गोलीबारी भी हुई। इसमें 16 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। विद्रोहियों ने हथियार और रसद लूटने के बाद दोनों ट्रकों को आग के हवाले कर दिया।
पाकिस्तानी सेना चुप
बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना पर हाल के दिनों में यह पहला बड़ा हमला है। पाकिस्तानी सेना ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी। स्थानीय मीडिया ने भी घटना पर चुप्पी साध रखी है। इसके कुछ वीडियो जरूर सोशल मीडिया पर मौजूद हैं। एक वीडियो में बताया गया है कि घटना के बाद फौज ने करीब 100 लोगों को अगवा कर लिया। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। बलूचिस्तान पाकिस्तान के कुल क्षेत्रफल का करीब आधा है। यहां के लोग लंबे वक्त से आजादी की मांग कर रहे हैं।